दक्षिण एशिया विश्वविद्यालय में शुरू होगा ग्रेजुएशन कोर्स


जल्द ही दक्षिण एशिया विश्वविद्यालय अपने परिसर में स्नातक का कोर्स शुरू करने जा रहा है। दक्षिण एशिया विश्वविद्यालय की अध्यक्ष कविता शर्मा ने कहा कि अगले साल जनवरी 2018 में इसकी शुरूआत हो सकती है। इस संबंध में भूटान और मालदीव ने विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रम शुरू करने का सुझाव दिया है, जिस पर अगले साल के प्रारंभ में अकादमिक समिति विचार करेगी। विश्वविद्यालय के अकादमिक समिति की बैठक जनवरी में होने की संभावना है।

बता दें कि विश्विद्यालय के समिति में सभी आठ सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं। शिक्षा को दक्षिण एशियाई देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए विश्वविद्यालय की अध्यक्ष कविता शर्मा ने कहा कि यह एक अच्छा प्रस्ताव है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अगले साल से इस विश्वविद्यालय में विज्ञान संकाय में स्नातक कोर्स की शुरुआत हो सकती है। फिलहाल विश्वविद्यालय में कुल 5 संकाय और 7 विभागों में पढ़ाई चल रही है। इस वक्त में विश्वविद्यालय में जैव प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर साइंस, गणित, विधि अध्ययन, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और अंतर्रष्ट्रीय संबंध जैसे विषयों की पढ़ाई हो रही है।

इस वक्त में विश्वविद्यालय में 600 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा संख्या भारत, बांग्लादेश, नेपाल और अफगानिस्तान के छात्रों का है। हालांकि विश्वविद्यालय में प्रावधान है कि विश्वविद्यालय में 50 फीसदी छात्र भारत के और अन्य 50 फीसदी में सदस्य देशों के छात्र होंगे।

विश्वविद्यालय की स्थापना 2010 में की गई थी। फिलहाल यह विश्वविद्यालय नई दिल्ली स्थित अकबर भवन से संचालित हो रहा है। विश्वविद्यालय का अपना नया परिसर 2020 तक पूरा होने की उम्मीद है। यह विश्वविद्यालय का स्थाई परिसर होगा। नए परिसर में विश्वविद्यालय के जाने के बाद अन्य विषयों में पढ़ाई का दायरा भी बढ़ेगा और छात्रों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
close